मथुरा। राजकीय औद्योगिक संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। दूसरे चरण में 453 विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर हुआ है।
जिले में चार राजकीय आईटीआई कॉलेज संचालित हैं। चारों कॉलेजों में लगभग 30 ट्रेडों में 2072 सीटें उपलब्ध हैं। राजकीय आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य किशन स्वरूप ने बताया कि पहले चरण में कॉलेज में 980 विद्यार्थियों की सूची जारी की गई थी, इसमें केवल 432 दाखिले ही हो पाए थे। इस दौरान आधे से ज्यादा सीटें खाली रह गईं थीं। 11 जुलाई को प्रथम सूची से प्रवेश के बाद रिक्त रह गईं सीटों के सापेक्ष राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद ने द्वितीय सूची जारी की है। द्वितीय सूची में 453 विद्यार्थियों के नाम आए हैं। उन्होंने बताया कि सूची में आने वाले सभी छात्र-छात्राएं समय से उपस्थित होकर प्रवेश की कार्रवाई पूरी कर लें। इसके बाद खाली रह गईं सीटों को लेकर तीसरी सूची जारी होगी।
इन सीटों की मेरिट गई 80 फीसदी
आईटीआई के शिक्षकों ने बताया कि आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग व मोटर मैकेनिक सीट पर प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों की मांग सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि इन ट्रेडों की सीट पर प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों के दसवीं में 80 फीसदी से अधिक नंबर होना अनिवार्य हैं।