मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति जनजाति आयोग की सदस्य नीरज गौतम ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। वहीं अनुसूचित जाति से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने दो पीड़ितों को आर्थिक मदद नहीं मिलने पर जल्द बजट जारी कराने के निर्देश दिए।
नीरज ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 23 गांवों में कराए विकास कार्यों के 100 फीसदी पूरा होने की सूची मांगी है। इसका पार्टी प्रतिनिधियों से सत्यापन कराया जाएगा। नीरज ने कारागार में अनुसूचित जाति के बंदियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों के संबंध में जानकारी लेकर शासन को लिखित रूप से अवगत कराने की बात कही। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के दो वर्ष से तैयार आवासीय विद्यालय के शुरू न होने पर चिंता जताई। ब्लैकलिस्ट ढ़ाई सैकड़ा विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ न मिलने के सवाल पर कहा कि ऐसी शिकायत उन्हें अन्यत्र नहीं मिली है, मामले की जानकारी कराकर कार्रवाई की जाएगी।