भीषण गर्मी में मुंह पर दुपट्टा बांधकर जाती युवती। संवाद
भीषण गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक सप्ताह से दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। इससे लोगों को डिहाइड्रेशन, लू से पीड़ित हो रहे हैं। जिला अस्पताल में लू के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार मंगलवार व बुधवार को आंधी, बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।
लगातार गर्मी से आम जन जीवन पर असर पड़ने लगा है। अब लोग दोपहर में जरूरी कामों से ही बाहर निकल रहे हैं। सोमवार को विकास बाजार, कृष्णा नगर, होली गेट सहित कई इलाकों के बाजारों में दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। कूलर, पंखे भी काम नहीं कर रहे हैं। स्कूलों की छुट्टी का समय कम होने के बाद भी बच्चों का लौटते वक्त गर्मी से बुरा हाल हो रहा है।
मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की तबीयत भी गर्मी के कारण बिगड़ रही है। जन्मभूमि और बांकेबिहारी आने वाले कई पर्यटक गर्मी के कारण बीमार हो रहे हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम तापमान 27. 9 रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अब तापमान में गिरावट आने की संभावना है।