श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की जिम्मेदारी है कि ब्रज क्षेत्र का समुचित विकास किया जाए। मंगलवार को जब प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्म स्थान पर दर्शन करने पहुंचे तो वहां पर श्रीकृष्ण जन्म स्थान संस्थान के पदाधिकारियों ने सीएम से अनुरोध किया कि परिषद की सीमा सिर्फ विकास कार्यों तक ही सीमित न रहे। ब्रज की छवि सुधारने के लिए परिषद का विस्तार करते हुए और जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।
जब श्रद्धालु यहां आएं तो मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता उम्दा किस्म की हो। पार्किंग स्थल, साफ-सफाई, ठगी और अपराध की घटनाएं रोकने समेत अन्य जिम्मेदारी भी परिषद पर हो ताकि व्यवस्था में अमूलचूल सुधार किया जा सके। सीएम ने इसके लिए एक प्रस्ताव के साथ संस्थान के सचिव कपिल शर्मा को लखनऊ बुलाया है।
सीएम खुद हैं परिषद के चेयरमैन
ब्रज क्षेत्र का विकास करने के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया था। इसके चेयरमैन स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी शैलजाकांत मिश्रा को मिली हुई है। जवाहर बाग के पास करीब 9 करोड़ की लागत से परिषद का ऑफिस बनकर तैयार है। अगले साल के शुरूआत में सीएम इसका उद्घाटन करेंगे। आलीशान ऑफिस में सीएम के बैठक के लिए ऑफिस तैयार किया गया है।
ब्रज के विकास पर विशेष ध्यान
मंगलवार को सीएम जब मथुरा आए तो उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए करीब 30 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह किसी एक क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी धनराशि है। यहां पर पर्यटकों को सुविधाओं देने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालु आसानी से धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकें, इसके लिए ढांचागत व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।