लक्ष्मी नगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय में भोजन करते स्कूली बच्चे। संवाद
मथुरा। कड़ाके की सर्दी के चलते बंद रहे विद्यालयों में शुक्रवार से चहल-पहल लौट आई। शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद जिले के परिषदीय, माध्यमिक और निजी विद्यालय निर्धारित समय के अनुसार खोले गए। हालांकि ठंड को देखते कम ही बच्चे स्कूल पहुंचे। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को गर्म कपड़े व टोपी, मोजे, दस्ताने पहनकर आने की सलाह दी है।
शिक्षक महेश सारस्वत ने बताया कि शीतकालीन अवकाश में बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हुआ है। अब उन्हें दिन में दो पीरियड अतिरिक्त लेने पड़ेंगे ताकि बच्चों को दिक्कत न हो। अभिभावक रमेश राजपूत का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई को लेकर दबाव रहता है। शुभा शर्मा ने बताया बच्चों का कोर्स पूरा कराने में शिक्षक सहयोग करते हैं। संवाद