गर्मी की छुट्टियां खत्म हो गई। शुक्रवार को सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय खुले। एक बार फिर स्कूलों में घंटी की सुनाई देने लगी। बच्चों पर स्कूल के पहले दिन भी मौज मस्ती छाई रही। हालांकि एक जुलाई को यूपी बोर्ड के विद्यालयों में छुट्टी रही।
शुक्रवार एक जुलाई को सीबीएसई और आईसीएसई के विद्यालय खुल गए। स्कूलों में पहले की तरह चहल-पहल और रौनक दिखाई दी। प्रार्थना के लिए बजी घंटी की आवाज सुनकर सभी बच्चे प्रांगण में एकत्रित हो गए। साथ में प्रार्थना की और फिर कक्षाओं में पहुंच गए। पहला दिन होने के चलते कक्षाओं में पढ़ाई का कम और मस्ती का माहौल रहा। बच्चे अपने अनुभव साथियों को सुनाते रहे। कोई नानी तो कोई दादी के घर जाने के किस्से सुना रहा था। कई बच्चे किसी हिल स्टेशन पर घूमने की बातें शेयर कर रहे थे। काफी बच्चे छुट्टी में की गई मौज मस्ती को भुला नहीं पा रहे थे और कक्षा में चुपचाप मायूस बैठे थे। इसी तरह जुलाई में शुरू हुआ स्कूल का पहला दिन अच्छी तरह बीत गया। फिर छुट्टी की घंटी बजी और बच्चे घरों की ओर दौड़ पडे़।
आज खुलेंगे यूपी बोर्ड, परिषदीय स्कूल
एक जुलाई को अलविदा जुमा के अवसर पर अवकाश के कारण यूपी बोर्ड के स्कूल और परिषदीय विद्यालय बंद रहे। ये स्कूल दो जुलाई से खुलेंगे। परिषदीय स्कूलों के खुलने का समय आठ से एक बजे रहेगा।
अभिभावकों को करनी पड़ी काफी तैयारी
नए शैक्षणिक सत्र की शुक्रवार से विधिवत शुरुआत हो गई। हालांकि कई स्कूल अलविदा जुमा पर अवकाश के चलते बंद रहे लेकिन जहां स्कूल खुले बच्चे हंसी-खुशी पहुंचे। इससे विद्यालय परिसरों में चहल-पहल दिखाई दी। पहले दिन सभी ने अवकाश के दिनों की बातें शेयर कीं।
गर्मियों के अवकाश के बाद स्कूल आने वाले बच्चे सहपाठियों के लिए टॉफी और चाकलेट लाना भी नहीं भूले। अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए काफी तैयारी करनी पड़ी। माताओं ने सुबह जल्दी उठकर बच्चों का स्कूल बैग, स्कूल ड्रेस, बेल्ट, टाई के अलावा लंच बॉक्स के लिए पसंदीदा नाश्ता तैयार किया। नगर की सड़कों पर सुबह-सुबह अभिभावक बच्चों को लेकर घर और सड़कों पर खड़े स्कूल वाहनों का इंतजार करते हुए देखे गए। कुछ स्कूलों में चार जुलाई से भी कक्षाएं शुरू होंगी।
वहीं जिन अभिभावकों को अभी पाल्यों का प्रवेश कराना है उन्होंने स्कूलों में पहुंचकर पढ़ाई, लिखाई और सुविधाओं की जानकारी ली।