फोटो 2: पुन्ना थोक में हुए जलभराव से गुजरते स्कूली बच्चे
सौंख (मथुरा)। कस्बा की अनाज मंडी के समीप बनी पुलिया में पानी के कटान से पुन्ना थोक और लुहार बाजार में जलभराव हो गया। जलभराव से लोगों का घरों से निकलना दुश्वार हो रहा है। वहीं राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारी मात्रा में पानी आने से पुन्ना थोक, लुहार बाजार, पथवारी गली, पंप मार्ग, मुस्लिम मंडी, जहावीर मंदिर मार्ग आदि मार्गों पर पानी भर गया है। स्कूली बच्चे दूषित पानी में से निकलने को मजबूर हैं। जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत प्रशासन को अवगत करा दिया गया है, लेकिन अभी तक कोई स्थाई समाधान नहीं हुआ है। इसे लेकर विजय सिंह, प्रमोद कुंतल, गोपी सिंह, जगदीश सिंह, धनवीर सिंह, मोनू सिंह समेत अन्य ने जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस बारे में क्षेत्रीय सभासद संतोष चौधरी का कहना है कि पुलिया खुलने से जलभराव हुआ है। जल्द पंप सैट लगाकर पानी निकासी का इंतजाम किया जाएगा।