मथुरा। इस्कॉन मंदिर में सोमवार शाम को दीपदान करते देशी विदेशी भक्त।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। तीर्थनगरी वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में कार्तिक पूर्णिमा से एक दिन पूर्व सोमवार को देशी-विदेशी भक्तों ने दीपदान किया। साथ ही भक्तों ने मंदिरों की हरिनाम संकीर्तन के साथ परिक्रमा की।
सोमवार शाम को इस्कॉन मंदिर में विदेशी भक्तों ने कार्तिक नियम सेवा के अंतर्गत दीपदान किया। भगवान कृष्ण बलराम, राधारानी एवं चैतन्य महाप्रभु के समक्ष देशी विदेशी भक्तों ने मृदंग, झांझ, मंजीरा की सुमधुर ध्वनि के मध्य संकीर्तन किया। इसके पश्चात हाथों दीपक लेकर भक्तों ने पूर्ण आस्था के साथ मंदिर की परिक्रमा लगाई।
वहीं, ठा. बांकेबिहारी मंदिर, ठा. राधावल्लभ मंदिर, ठा. राधारमण मंदिर, यशोदानंदन मंदिर, ठा. राधादामोदर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी दीपदान का आयोजन किया गया।
इस्कॉन में आज 6 लाख की पोशाक धारण करेंगे भगवान
इस्कॉन मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान कृष्ण बलराम, राधाकृष्ण एवं निताई गौर को 6 लाख रुपये की कीमत से बनी पोशाक धारण कराई जाएगी। जरी व गोटे से जड़ी पोशाक दिल्ली में कारीगरों द्वारा द्वारा तैयार की गई। इस्कॉन मंदिर के जन संपर्क निदेशक सौरभ विक्रम दास ने बताया कि यह पोशाकें दुबई के भक्त कविता व कर्ण ने बनवा कर प्रभु की सेवा में अर्पित की है।