मथुरा। वृंदावन के केशव धाम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बुधवार से होने वाली दो दिवसीय बैठक में शामिल होने संघ प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार शाम ही पहुंच गए। बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड क्षेत्र के करीब 50 वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
संघ प्रमुख के पहुंचते ही आयोजनकर्ताओं और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। बैठक के मद्देनजर पुलिस ने भी केशवधाम पर सुरक्षा के खास प्रबंध किए हैं।
23 व 24 अगस्त को होेन वाली बैठक कई चरणों में होगी। सुबह दस बजे से बैठक शुरू होगी, जो शाम छह बजे तक चलेगी। आरएसएस से जुड़े लोगों ने बताया कि संघ की इस गोपनीय क्षेत्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संघ के विस्तार और समाज में अधिकाधिक सहभागिता पर भी योजना बनाई जाएगी।
इसके साथ ही जबरन धर्मांतरण, राष्ट्र निर्माण, नूंह हिंसा, मणिपुर प्रकरण, धर्म जागरण, 2024 के चुनावों पर मंथन, हिंदुत्व को धार, 2025 में संघ के 100 साल पूरे होने पर शताब्दी वर्ष मनाने आदि पर चर्चा होगी। बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी शिरकत कर रहे हैं। बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारी तीन माह की रिपोर्ट भी पेश करेंगे।