बैठक में पहुंचे धर्मगुरुओं से किया अनुरोध
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में शनिवार को बैठक आयोजन किया गया। इसमें 11 से 24 जुलाई तक मनाए जा रहे जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की जानकारी दी गई। बैठक में धर्मगुरुओं से समाज को जागरूक करने की अपील नोडल अधिकारी एनएचएम ने की।
सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की इस बार की थीम ‘जिम्मेदारी निभाओ-प्लान बनाओ’ है। नेशनल हेल्थ मिशन के नोडल डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने राजकीय इंटर कालेज से जिला महिला चिकित्सालय तक जन जागरूकता रैली निकाली थी। इसी क्रम में शनिवार को धर्मगुरु सम्मेलन आयोजित किया गया है। समाज के लोग अपने धर्मगुरु के विचार और बातों से प्रभावित होते हैं।
उनकी सोच और बातों का अनुसरण करने का प्रयास करते हैं। यही कारण है कि धर्मगुरुओं के माध्यम से लोगों को जनसंख्या बढ़ने से होने वाली हानि और जनसंख्या कम होने से लाभ बताए जाने का अनुरोध किया गया है। 21 जुलाई को महिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाई जाएंगी। 21 जुलाई को महिला चिकित्सालय में ही नसबंदी कैंप का भी आयोजन किया जा रहा है।
इसमें महिला और पुरुषों की नसबंदी की जाएगी। बैठक में धर्मगुरुओं ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान डॉ. सज्जन कुमार, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. पीके गुप्ता, डॉ. मधुर कुमार, जितेंद्र सिंह, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी पूर्णिमा तिवारी, धर्म गुरू भंते सत्यप्रिय, भंते धम्म सिंह, सिख गुरु ज्ञानी महेंद्र सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।