दशहरे पर आरएसएस हर जिले में ओम पताका फहराएगी। दीनदयाल धाम में दस लाख से भी ज्यादा पताका तैयार कराईं गईं हैं। जिलों को सप्लाई भी की जा रही हैं। आरएसएस का विजयदशमी पर पथ संचलन का जो रूट होगा उसे भी ओम की पताका से सजाने का निर्णय लिया गया है।
संघ ने दीनदयाल धाम में ओम वाली पताकाएं तैयार कराईं हैं। बड़े ध्वज भी बने हैं। पथ संचलन में शामिल होने वाले स्वयंसेवकों के लिए गले का गमछा भी बनाया गया है। विजयदशमी पर इस बार पथ संचलन वाले मार्ग को ओम की पताका से सजाया जाएगा। जिस रास्ते से भी स्वयंसेवक गुजरेंगे वहां ओम ही ओम नजर आएगा।
सामूहिक शस्त्र पूजन के सभी स्थानों पर भी ओम का ध्वज लगाया जाएगा। आयोजन स्थल के आस पास भारी संख्या में पताका भी फहरेंगी। संघ के पदाधिकारी अभी से मीटिंग करके स्वयं सेवकों को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। दीनदयाल धाम के निदेशक पदम जी ने बताया कि संघ के कार्यालय से हर जिले को ओम वाली पताका भेजी जा रही है। कुछ जनपदों को पहले ही भेजी जा चुकी है। संघ विजयदशमी पर जो भी कार्यक्रम आयोजित करेगा वहां ओम पताका होगी।
इस बार फुल पेंट में होगा पथ संचलन
इस बार दशहरे पर सभी स्वयं सेवक नये गणवेश में नजर आएंगे। अभी तक हाफ पेंट और शर्ट इनकी ड्रेस में था लेकिन अब फुल पेंट कर दी गई है। नया गणवेश भी दीनदयाल धाम (फरह) में ही तैयार कराया गया है। दीनदयाल धाम के निदेशक ने बताया कि नया गणवेश संघ कार्यालयों को पहुंचा दिया गया है। वहीं से स्वयं सेवकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
शस्त्र पूजन में दिखेगा सर्जिकल स्ट्राइक का जश्न
हिंदू संगठनों के शस्त्र पूजन में इस बार सर्जिकल स्ट्राइक का जश्न भी नजर आएगा। शस्त्र पूजन के साथ लोग देश रक्षा का वचन लेंगे। आरएसएस, विहिप और शिव सेना ने कई कार्यक्रम करने का एलान किया है।