फरह (मथुरा)। थाना फरह पुलिस ने मोबाइल से भरे कैंटर लूट में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को लूट के 33 मोबाइलों सहित गिरफ्तार कर चालान किया है।
ज्ञात रहे छह माह पूर्व नोएडा से बीना (एमपी) जा रहे मोबाइल से भरे कैंटर को बदमाशों ने लूट लिया था। खाली कैंटर अगले दिन बीना (एमपी) में खड़ा मिला था। ट्रक चालक पेड़ से बंधा मिला था। बदमाश रैपुरा जाट से सवारी बनकर ट्रक में चढ़े थे। घटना की रिपोर्ट कंपनी मैनेजर ने फरह थाने में दर्ज कराई थी। अब तक घटना में शामिल छह से अधिक बदमाशों को पुलिस जेल भेज चुकी है।
उनसे लूटे गए कुल मोबाइल के अस्सी फीसदी मोबाइल बरामद कर लिए हैं। घटना तभी से अधिकारियों के संज्ञान में थी। बीते दिन लूट में वांछित 15000 रुपये के इनामी आरोपी परवेज हसन निवासी लक्ष्मीनगर दिल्ली को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके कब्जे से एक तमंचा और लूटे गए 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। संवाद