मथुरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगरा आगमन पर यमुना को साफ व पानी से भरी हुई दिखाने को लेकर किए जा रहे प्रयासों के चलते शुक्रवार को यमुना का जल स्तर छह इंच बढ़ गया। गोकुल बैराज से भी आगरा को हो रहा पानी का डिस्चार्ज 1462 क्यूसेक हो गया।
24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगरा आ रहे हैं। यमुना किनारे आगरा में बने ताज के दीदार के दौरान यमुना गंदी न दिखे, इसे लेकर सिंचाई अफसरों ने यमुना में 500 क्यूसेक अतिरिक्त गंगाजल छोड़ा है। शुक्रवार सुबह इसका असर मथुरा में यमुना जल में दिखने लगा।
बृहस्पतिवार सायं तक गोकुल बैराज से आगरा के लिए यमुना जल डिस्चार्ज 1453 क्यूसेक था। शुक्रवार दोपहर 12 बजे यह जल स्तर छह इंच बढ़ गया और डिस्चार्ज 1462 क्सूसेक पहुंच गया। पानी के डिस्चार्ज को लेकर सिंचाई इंजीनियर लगातार नजर बनाए हुए हैं। गोकुल बैराज से सिंचाई इंजीनियर हर दो घंटे पर मापन कर रहे हैं। सिंचाई विभाग के एई सूर्य प्रकाश ने बताया कि गोकुल बैराज से डिस्चार्ज बढ़कर 1462 क्यूसेक हो गया है।