रविवार शाम को 165.56 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड किया गया है, जबकि चेतावनी बिंदु 165.20 मीटर पर है। सिंचाई विभाग अपर खंड के एक्सईएन नवीन कुमार ने बताया कि शनिवार रात से यमुना का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। बीते सोमवार को यमुना का जलस्तर लगातार घट रहा था, लेकिन ताजेवाला और ओखला बैराज से अधिक पानी छोड़ने की वजह से जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित गांवों में लगाए शिविर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तत्वावधान में डाक्टरों की टीमों द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। टीम ने गांव अड्डा मीणा, फिरोजपुर, अड्डा जाटव, मांगलखोर, अड्डा मल्हान में शिविर लगाए। इसमें बुखार, खांसी, जुकाम, खुजली, मलेरिया आदि रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर दवा वितरित की गई। सीएचसी प्रभारी डाॅ. हेमराज सिंह ने बताया प्रधानों के सहयोग से मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्रदान की गईं। शिविरों में डाॅ. रणविजय, रामबाबू, उमेश गुप्ता, प्रकाश, कृष्णबिहारी, रविंद्र, शिवकुमार, शिवम मिश्रा आदि मौजूद रहे।