मथुरा। शहर के सुखदेव नगर और बाग काजियान क्षेत्र में विद्युत निगम की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। यहां कई स्थानों पर विद्युत पैनल बॉक्स खुले पड़े हैं। इनसे विद्युत तार बाहर निकल रहे हैं। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुले पड़े विद्युत पैनल से हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता है।
स्थानीय निवासी राकेश गुप्ता के अनुसार सुखदेव नगर और बाग काजियान में खुले पड़े विद्युत पैनल बॉक्स को बंद कराने के लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पैनल को सुरक्षित नहीं कराया जा रहा है। इससे लोगों में विद्युत निगम के प्रति नाराजगी है।
सुरेंद्र मोहन ने बताया कि खुले विद्युत पैनल बारिश के दिनों में अधिक खतरनाक हो जाते हैं। पानी पैनल के अंदर पहुंचने या जलभराव होने पर करंट फैलने की आशंका रहती है। यदि समय रहते पैनल बॉक्स को बंद नहीं कराया गया तो गंभीर हादसा हो सकता है। वहीं स्थानीय लोगों ने विद्युत पैनलों के क्षतिग्रस्त ढक्कनों को बदलने के साथ सभी पैनलों को सुरक्षित तरीके से बंद कराने की मांग की है।