गांव धाना तेजा में दोस्त की सगाई में आए मध्य-प्रदेश के छतरपुर के युवक से ऑटो सवारों ने मारपीट कर नगदी और मोबाइल लूट लिया। युवक को पुल के समीप फेंक गए। दोस्त के गांव पहुंचकर युवक ने घटना के बारे में बताया। थाना रिफाइनरी में तहरीर दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। क्षेत्रीय विधायक की बात पर भी पुलिस ने गौर नहीं किया।
छतरपुर, मध्य प्रदेश के धर्मेंद्र साहू अपने दोस्त थाना रिफाइनरी के गांव धाना तेजा निवासी रवि की सगाई में भाग लेने के लिए 20 अप्रैल को मथुरा आए थे। 22 अप्रैल को सगाई थी। शुक्रवार की शाम को वे गोवर्धन और वृंदावन में दर्शन करने के बाद आटो में सवार होकर दोस्त के गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि ऑटो में सवार चार लुटेरे धर्मेंद्र को बाद पुल के समीप ले गए।
यहां पर मारपीट करते हुए युवक से 10 हजार की नगदी, एटीएम और मोबाइल लूट लिया। युवक को वहीं फेंककर लुटेरे भाग खड़े हुए। जैसे-तैसे युवक अपने दोस्त के गांव पहुंचा। यहां पर वारदात के बारे में बताया। शनिवार को थाना रिफाइनरी पहुंचकर युवक तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज न होने पर क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश भी ग्रामीणों के साथ थाने पहुंच गए। विधायक ने पुलिस को युवक के साथ हुई लूट की रिपोर्ट दर्ज करने को कहा। पुलिस मामले को मारपीट बता रही है।
बता दें कि इससे पहले 16 अप्रैल को भी ऑटो सवार लुटेरों ने धाना तेजा निवासी 65 वर्षीय पूरन से मारपीट करते हुए आठ हजार की लूट की थी। पुलिस ने इसका भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। अभी तक पूरन का इलाज हास्पिटल में चल रहा है।