मथुरा। डिप्टी कलक्टर द्वारा धमकी देने वाले कार सवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद सदर बाजार पुलिस कार सवारों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
फार्चूनर कार में सवार पांच लोगों द्वारा 24 जुलाई की रात को डिप्टी कलक्टर के आवास पर जाकर बाहर बैठे सुरक्षा गार्डों को धमकी दी थी कि डिप्टी कलक्टर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों को गिरवाने, ग्राम सभा व सरकारी संपत्तियों से अवैध कब्जा हटवाने जैसे कामों को बंद कर दें। उस समय उनके सुरक्षा में लगे गार्ड विपिन और भूरी सिंह मौजूद थे।
कार सवारों ने गार्डों से यह भी कहा यदि उन्होंने यह काम बंद नहीं किया तो उनको निपटा दिया जाएगा। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि वह आसपास के सीसीटीवी की फुटेज में कार को खोजने का प्रयास कर रहे हैं। मौके पर मौजूद गार्ड कार का नंबर नोट नहीं कर सके थे।