टैंटीगांव (मथुरा)। सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बस चालक के अचानक ब्रेक लगा देने से पीछे चल रही कार में सवार महिला की मौत के मामले में महिला के पति ने बस चालक पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विशाल कुमार निवासी ताजनगर घर्रा थाना नौबस्ता कानपुर नगर तथा हाल निवासी डी 157 पंचमुखी अपार्टमेंट दादरी ग्रेटर नोएडा गौतम बुद्धनगर ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि दो फरवरी को वह कार से पत्नी रिंकी और बच्चों सिद्धि व हर्ष के साथ नोएडा से कानपुर जा रहा था। सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के माइल स्टोन 91 के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस के चालक ने बस को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए पहले कार को ओवर टेक किया।
इसके बाद अचानक ब्रेक लगा दी। इससे उनकी कार बस से टकरा गई। इससे कार में सवार चारों लोग घायल हो गए थे। सभी को मथुरा स्थित भास्कर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर अवस्था को देखते हुए कैलाश अस्पताल नोएडा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान 10 फरवरी को पत्नी रिंकी देवी की मौत हो गई। उसका व बच्चों का तभी से इलाज चल रहा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह परमार ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।