धर्मनगरी में पर्यटन की संभावनाओं को तलाशने आए प्रदेश पर्यटन निगम के अध्यक्ष सुदीप रंजन सेन ने कई स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होेंने जिले के पर्यटक आवास गृहों के कायाकल्प की बात कही। सेन ने इस्कॉन रोड से प्रेम मंदिर तक मार्ग को देखा और राही अतिथि भवन में भी निरीक्षण किया।
पत्रकार वार्ता में पर्यटन निगम के चेयरमैन ने बताया कि मथुरा जिले में पर्यटन आवास निगम के सभी गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस पर लगभग 14 करोड़ लागत आने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, राधाकुंड और बरसाना में निगम के गेस्ट हाउस का सौंदर्यीकरण किया जाना है।
मथुरा-वृंदावन रोड पर बने राही अतिथि भवन का भी सौंदर्यीकरण होगा। यह कार्य लोक निर्माण विभाग करेगा। इससे पहले चेयरमैन सुदीप सेन ने इस्कॉन मंदिर में जाकर पदाधिकारी रवि लोचन, गणपत प्रभु से मुलाकात की। इसके बाद रमणरेती और इस्कॉन रोड का निरीक्षण किया। राही अतिथि भवन में निरीक्षण के दौरान मैनेजर कृष्ण गोपाल शर्मा, संगीत गर्ग, अजय, अक्षय नागर आदि उपस्थित थे।