2019 से मथुरा रिफाइनरी भारत स्टेज सिक्स ईधन बेचेगी। पहले चरण में इसकी शुरुआत पेट्रोल से होगी। बीएस-6 पेट्रोल से बेहद कम प्रदूषण, कम घर्षण, कम खपत में अधिक शक्ति मिलने की बात कही जा रही है।
वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की कवायद में इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड की मथुरा स्थित रिफाइनरी ने 2019 से भारत स्टेज सिक्स ईंधन बेचने की तैयारी कर ली है। इसके लिए रिफाइनरी में छह माह पहले 1800 करोड़ रुपये की लागत से लगने वाली ऑक्टामैक्स यूनिट की आधार शिला पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री धर्मेंद्र प्रधान रख चुके हैं।
अब मथुरा रिफाइनरी यूनिट को स्थापित करने में जुट गई है। यूनिट के लगने के बाद से देश को बीएस-6 ईधन मिलेगा। रिफाइनरी से जुड़े सूत्रोें के अनुसार पहले चरण में बीएस-6 सिक्स पेट्रोल बनाया जाएगा। इसके प्रयोग से वाहनों के इंजन में कम घर्षण होगा। कम प्रदूषण और कम खपत में अधिक शक्ति मिलेगी। इससे इंजन की लाइफ बढ़ेगी। वाहन का पिकअप भी बेहतर रहेगा।
बीएस-6 में होगा ऑक्टेन 95
बता दें कि मथुरा रिफाइनरी से फिलहाल भारत स्टेज फोर ईंधन सप्लाई किया जा रहा है। इसमें 91 के आसपास ऑक्टेन नंबर वाले यूरो फोर ईंधन में कम सल्फर होता है। ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड के अनुसार देश की सभी रिफाइनरी को 91 ऑक्टेन नंबर का पेट्रोल बनाने के निर्देश हैं।
अब तक मथुरा रिफाइनरी के पेट्रोल के लिए गए सैंपल में 91.6 ऑक्टेन नंबर का पेट्रोल बताया जा रहा है। बीएस-6 पेट्रोल में सल्फर की मात्रा कम की जाएगी। इसमें पर लीटर पांच पीपीएम (पार्ट पर मिलियन) की कमी की जाएगी। ऑक्टेन नंबर भी 95 के आसपास रहेगा।