जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय लोक अदालत के संदर्भ में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को वृहद राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होना है।
सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति के निर्देशानुसार संपूर्ण भारत में तहसील से लेकर सर्वोच्च न्यायालय के स्तर तक सभी न्यायालय, अधिकरण व शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम जनता के लिए भी लाभप्रद है। इससे न्यायालय में लंबित वाद का बोझा भी कम होता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफलता पूर्वक आयोजन के लिए यह आवश्यक है कि समस्त विभागाध्यक्ष अपने विभाग में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करें।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि न्यायालयों अथवा अधिकरणों द्वारा भेजे जा रहे राष्ट्रीय लोक अदालत संबंधी नोटिसों का व्यक्तिगत तामिल सुनिश्चित करायें। बीएसएनएल के महाप्रबंधक से कहा कि फोन पर संदेश व डायल टॉन के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार करायें।
इस मौके पर डीएम राजेश कुमार ने बैंक प्रबंधक तथा विभागीय अधिकारियों को राष्ट्रीय अदालत को लेकर दिशा निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव पवन कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।