मथुरा। वृंदावन के केशवधाम में भोजन के पैकेट तैयार करते आरएसएस के स्वयंसेवक।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देश में किए गए लॉकडाउन में लोगों की परेशानी को कम करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आगे आया है। वृंदावन स्थित केशव धाम को केंद्र बनाकर सेवा के कार्य किए जाएंगे। इसी के तहत शुक्रवार को स्वयंसेवकों ने वृंदावन में जयपुर मंदिर, अटल्ला चुंगी, चैतन्य विहार, पागल बाबा मंदिर आदि इलाकों में जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया।
जिला संघचालक दास बिहारी अग्रवाल ने बताया कि स्वयंसेवक प्रतिदिन गरीब-मजदूरों को भोजन कराएंगे और राहत सामग्री उपलब्ध कराएंगे। भागवताचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी ने बताया कि महामारी के समय में किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। केशवधाम के निदेशक ललित कुमार ने बताया कि निर्धन बस्तियों में खाद्य सामग्री के पैकेट भेजे जाएंगे। पैकेट में दाल, चावल, आटा, आलू, तेल, मसाले, चीनी, चाय, साबुन, मास्क उपलब्ध रहेगा। द भागवत मिशन फाउंडेशन सहयोग कर रहा है।
शुक्रवार को एक गाड़ी भोजन के पैकेट लेकर चैतन्य विहार, रुक्मिणी विहार में पहुंची। यह कार्य जिला कार्यवाह अरुण कुमार, जिला प्रचारक मनोज कुमार, अभिनव मिश्रा, बनवारी लाल, अखिल कुमार, रविकुमार, महेंद्र, अजीत, विष्णु, संजय, योगेंद्र, जितेंद्र, रंजीत, काशी की देखरेख में किया जा रहा है।