वृंदावन थाना क्षेत्र में श्रद्धालु महिलाओं से पर्स छीनने की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक कुख्यात बदमाश को एसओजी टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगने से वह घायल हो गया। मौके से लूटा गया एप्पल आईफोन-13, 4600 रुपये नकद, एक तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तार बदमाश का नाम गणेश उर्फ अनेश पुत्र सतीश निवासी सौंसा, शाहपुर थाना मगोर्रा, मथुरा है जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष है। उसे उपचार हेतु जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है। सीओ संदीप कुमार ने बताया कि बदमाश गणेश उर्फ अनेश मोटरसाइकिल पर अकेले सवार होकर ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं का पीछा करता था और मौका देखकर पर्स लूटकर फरार हो जाता था। 5 मई को उसने बुर्जा रोड, वृन्दावन में एक श्रद्धालु महिला का पर्स लूटा था, जिसकी रिपोर्ट थाना वृन्दावन में दर्ज की गई थी। पुलिस ने मात्र 36 घंटे के अंदर घटना का खुलासा कर आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।