मथुरा के कोसीकलां में दिल्ली-आगरा रेलवे खंड पर होडल अनाज मंडी के समीप बंद पड़े गेट नंबर 555 पर असामाजिक तत्वों द्वारा रेलवे ट्रैक पर पत्थर रख दिया गया। कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन से टकराकर पत्थर ट्रैक के बीच में हो गया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना पर आरपीएफ कोसीकलां व जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। वहीं, रेलवे की इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पत्थर को ट्रैक से हटवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होडल जीआरपी प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि रेलवे के लोक निर्माण विभाग के जेई रवि कुमार ने दी शिकायत में बताया कि रविवार की सुबह 9:15 पर दिल्ली-आगरा रेलवे ट्रैक पर दिल्ली की तरफ से आ रही लाइन पर कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे विभाग की इंजीनियरिंग टीम को सूचना दी कि ट्रैक के 1454 किलोमीटर पर लगभग 15 से 20 किलोग्राम का पत्थर पड़ा हुआ है।