छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों की शहादत को आज पूरा देश नमन कर रहा है। हम सब भारतवासी शहीदों के परिवारों के साथ हैं। यह बात प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को लेकर और सतर्क रहना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि नक्सली हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह लगातार सक्रिय हैं, उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि नक्सलवाद को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर और सतर्क रहने की जरूरत है। केंद्र के साथ राज्य सरकारों की यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वह आंतरिक आतंकवाद को समाप्त करने की दिशा में कड़ा कदम उठाएं।
उन्होंने कहा कि बिखरते समाज को जोड़ने के लिए वात्सल्य ग्राम जैसे प्रकल्पों की भूमिका उस समय और भी महत्वपूर्ण हो जाती है जब हम आंतरिक आतंकवाद की समस्या से जूझ रहे हों। उन्होंने कहा कि नक्सलवादियों को समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए सरकारी स्तर पर जारी प्रयासों के साथ सामाजिक स्तर पर भी प्रयास यदि किए जाएं तो सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।