विरोध प्रदर्शन करते लोगों को समझाते थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर।
गोवर्धन। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े नए प्रावधानों के विरोध में बुधवार को गोवर्धन क्षेत्र में सवर्ण समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नियमों पर पुनर्विचार करते हुए संशोधन की मांग उठाई। इस दौरान विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया।
रैली की शुरुआत गोवर्धन बस स्टैंड से हुई। मुख्य मार्गों से होते हुए प्रदर्शनकारी चंद्रा गार्डन स्थित विराट हिंदू सम्मेलन स्थल तक पहुंचे। हालांकि, वहां सम्मेलन शुरू नहीं हुआ था। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनके समझाने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यूजीसी के नए प्रावधान समाज के एक वर्ग के हितों में हैं, जबकि दूसरे वर्गों में असंतोष है। रामधन शर्मा, बांकेलाल शर्मा, विजय राघव, धीरज कौशिक, डॉ. सीताराम, कान्हा ठाकुर, करन ठाकुर, नीतू ठाकुर, माधव सिंह, दिनेश कौशिक, समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।