आईओसी की मथुरा रिफाइनरी को हिंदी में बेहतर कामकाज के लिए राजभाषा विभाग ने राजभाषा कीर्ति पुरस्कार प्रदान किया है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने एसएम वैद्या अध्यक्ष नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं महाप्रबंधक प्रभारी मथुरा रिफाइनरी को पुरस्कार स्वरूप शील्ड और सम्मान पत्र प्रदान किया।
डा. वागीश दत्त गौतम वरिष्ठ प्रबंधक कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एवं सीएसआर सचिव नराकास मथुरा को भी प्रशंसा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। मथुरा रिफाइनरी को भारत के हिंदी-भाषी प्रदेशों में स्थित उपक्रमों में उल्लेखनीय कार्य करने के कारण दिया गया यह पुरस्कार वर्ष 2015 के दौरान मथुरा नगर स्थित कार्यालयों में भारत सरकार द्वारा जारी राजभाषा नीतियों एवं आदेशों के शतप्रतिशत पालन के लिए प्राप्त हुआ है। समारोह की अध्यक्षता गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने की। गृह राज्यमंत्री किरण रीजिजु भी मौजूद रहे।