दरअसल, हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी का असर अब पूरी तरह यमुना किनारे बसी कॉलोनियों से लेकर परिक्रमा मार्ग पर दिखाई दे रहा है। परिक्रमा मार्ग के कई रास्तों पर पानी भर गया है। अब तक यमुना के पानी का दंश झेल रहे लोग इंद्रदेव की गर्जना से भयभीत हो गए। एक घंटे से अधिक हुई तेज वर्षा ने वृंदावन के कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। खादर में बनी कॉलोनियों को अभी बुरा हाल है। कई लोग अभी अपने घरों पर छतों पर ठिकाना बनाकर रह रहे हैं। ऐसे लोगों का कहना है कि उन्हें घर छोड़कर जाना अच्छा नहीं लग रहा है। वहीं प्रशासन के अधिकारी बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों को खाली कर रही है। प्रशासन नेे आश्रय स्थल खोल दिए हैं। लोग वहां की शरण पा रहे हैं। उनके खाने पीने की जिम्मेदारी प्रशासन रखे हुए हैं।
घाटों और आश्रय स्थल का किया निरीक्षण
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार और अन्य अधिकारी बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। आश्रय स्थलों को निरीक्षण करने के साथ-साथ लोगों से बातचीत भी कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने कालिदह मार्ग, जगन्नाथ घाट, देवराह बाबा घाट, केसी घाट आदि का निरीक्षण किया। वहां लोगों से बातचीत भी की और जो लोग अभी तक घाटों के किनारों से नहीं हटें हैं, उन्हें भी समझाया और जल्द ही हटने को निर्देश दिए।
लोगों के घरों में तीन फुट तक भरा पानी
वृंदावन के दो दर्जन कॉलोनियों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों में पहुंच गया है। वह रोजमर्रा के कामों के लिए परेशान हो उठे हैं। पानी के कारण उन्होंने छतों पर रहने का इंतजाम कर रखा है लेकिन बारिश के कारण उनकी परेशानियां बढ़ रही है।
लोगों और पशुओं को किया जा रहा सुरक्षित
जिलाधिकारी सीपी सिंह का कहना है कि प्रशासन की कई टीमों को बाढ़ को लेकर अपनी ड़यूटी दे रही है। जिन इलाकों में पानी भरा गया है, वहां से लोगों को नाव और स्टीमर की सहायता से आश्रय स्थल तक पहुंचाया जा रहा है। उनके सामान के लिए निगम के ट्रेक्टरों को लगाया गया है। अब तक 5000 से अधिक मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया तो वहीं 1500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया है। टीमें लगाकर लोगों को लेकर आ रही हैं। किसी को भी परेशानी हो तो अधिकारियों को या हेल्पलाइन नंबर पर सूचित किया जा सकता है।
बलदेव के अकोस क्षेत्र गांव नगला हगा, नगला नहचला में यमुना में बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों को चिंताएं बढ़ गई है। गांव में आने जाने का मार्ग बंद है। स्टीमर से आ जा रहें हैं। चारों ओर पानी दिखाई दे रहा है। मुश्किल घड़ी में मदद करने ब्लॉक प्रमुख प्रतीक सिंह भरंगर ने गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से समस्याओं को पूछा। प्रतीक भरंगर ने बताया किसानों की फसल बर्बाद हो गई। मजदूरी से कमाने वालो के लिए आर्थिक संकट है। कठिन समय में हर मदद के लिए खड़े रहने का वादा किया। प्रभावित परिवारों की मदद होगी, मुख्यमंत्री से पुल के निर्माण के लिए तीन माह पूर्व मुलाकात की थीं, फसल का सर्वे करवा कर मुआवजा दिलाया जाएगा। प्रधान अजयपाल सिंह ने बताया प्रशासनिक व्यवस्था ठीक है। स्वास्थ्य टीम दवाई दे रहीं हैं, रोजाना मजदूरी वालों की स्थिति खराब है, बच्चों की पढ़ाई बंद है। इस दौरान रामवीर चौधरी, गुडु सिंह, महेंद्र सिंह, दीपू गौतम, यश गौतम, दलवीर, ओमप्रकाश सिंह, कमल सिंह, कैलाशी आदि थे।