मथुरा। झांसी मंडल के धौलपुर-हेतमपुर रेलखंड के बीच अतिवृष्टि के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। मथुरा जंक्शन पर हजारों यात्री ट्रेनों के इंतजार में खड़े रहे। कई प्रमुख ट्रेनें घंटों देरी से यहां पहुंची।
दरअसल, बारिश व ओलावृष्टि के कारण झांसी मंडल के धौलपुर-हेतमपुर रेलखंड के बीच किलोमीटर संख्या 1288-28 पर रेन कट (बारिश के कारण गिट्टी बह जाने) होने के कारण वीरांगना लक्ष्मीबाई –आगरा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-आगरा एक्सप्रेस, जबलपुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस, एर्नाकुलम-निजामुद्दीन, मैसूर-निजामुद्दीन, बिलासपुर-अमृतसर एक्सप्रेस, विशाखापटनम-अमृतसर एक्सप्रेस, कन्याकुमारी-निजामुद्दीन एक्सप्रेस, ग्वालियर-नई दिल्ली इंटरसिटी सहित अन्य ट्रेनें प्रभावित हो गईं।
इनमें से कई का मार्ग परिवर्तित किया गया तो कइयों को रद्द कर दिया गया। इधर, बारिश के कारण रोडवेज की व्यवस्था भी ठप हो गई। नया बस अड्डे के पास अंडरपास के नीचे जलभराव होने से बसों को शहर में नहीं लाया गया। बाईपास पर ही यात्रियों को उतारा गया।