देहात क्षेत्र में सोमवार को फिर से हुई ओलावृष्टि से किसान सहम गए। शहर में शाम को हुई बारिश ने रास्तों पर कीचड़ के हालात बना दिए। रविवार को बरसात के बाद सोमवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए थे। किसान सुबह से ही खेतों में पड़ी फसल को समेट रहे थे कि दोपहर बाद काली घटाएं घिर आईं और बादल गरजने लगे।
इससे किसानों की धड़कन तेज हो गईं। अपराह्न तीन बजे के बाद झमाझम बरसात ने किसानों को रुला दिया। चौमुंहा के दलौता, जाबली, गांगरौली आदि कई गांवों में कंचे के आकार के ओले गिरने से अफरा-तफरी मच गई। मथुरा में अपराह्न चार बजे के करीब कुछ देर बारिश हुई। टाउनशिप क्षेत्र के गांव कोयला अलीपुर, करनावल, मदनपुरा, लाडपुर, बाद, अगनपुरा, गोवर्धन, राया, बलदेव, महावन आदि क्षेत्रों में भी बरसात ने किसानों को खून के आंसू रुला दिए। नंदगांव ब्लाक के गांव संकेत, गाजीपुर, श्रीनगर, आजनौख, बरसाना देहात, बरसाना, चिकसौली, मानपुर, डभाला, रांकोली, कमई, करहला, हाथिया आदि गांवों में मूसलाधार बारिश से किसानों के साथ-साथ पशुओं के सामने खाद्य संकट उत्पन्न हो गया।
दो दिन में 30 मिमी बरसात, छह डिग्री लुढ़का पारा
राया शोध केंद्र प्रभारी डा. श्याम सुंदर शर्मा ने बताया बीते दो दिनों में 30 मिमी बरसात दर्ज की गई है। सोमवार को दिन का पारा छह डिग्री लुढ़क गया। सोमवार को दिन में तापमान 34 डिग्री से लुढ़ककर 28 डिग्री और रात में 20 डिग्री से 18 डिग्री पहुंच गया। आर्द्रता 80 प्रतिशत मापी गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी और बरसात हो सकती है।