मथुरा। बारिश के कारण परिक्रमा मार्ग में भरा पानी।
- फोटो : mathura
गोवर्धन (मथुरा)। तलहटी में देर रात हुई बारिश से परिक्रमा मार्ग के बड़ा बाजार में पानी भर गया। परिक्रमार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि में हुई बारिश ने गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों की पोल खोल दी।
तेज बारिश के बाद परिक्रमा मार्ग, बड़ा बाजार और राधाकुंड क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा समस्या उन पार्किंग स्थलों पर देखने को मिली, जिन्हें प्रशासन ने खेतों में चिन्हित किया है। पानी भरने से ये स्थल तालाब में तब्दील हो गए। बड़ा बाजार के लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग पर काफी जलभराव हो गया। परिक्रमार्थियों को जलभराव के बीच से ही परिक्रमा लगानी पड़ी।
स्थानीय निवासी जयदीप कौशिक ने जल भराव का वीडियो सोशल मीडिया पर डालते हुए इसे नगर पंचायत की लापरवाही बताया है। नगर पंचायत पिछले एक महीने से मुड़िया मेला की व्यवस्थाओं में जुटने का दावा कर रही है, लेकिन बारिश से कच्चे रास्ते दलदल में बदल गए। सबसे चिंताजनक स्थिति बड़ा बाजार की रही, जहां लक्ष्मीनारायण मंदिर तक में पानी घुस गया।