पुराना बस स्टैंड अंडर पास में हुए जल भराव में होकर गुजरते राहगीर।
मथुरा। मंगलवार को हुई बारिश के बाद गलन बढ़ गई है। बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और सर्द हवाएं चलती रहीं। इससे सर्दी के तेवर और आक्रामक नजर आए। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान लुढ़कने के आसार जताए हैं।
बीते दिनों हुई बारिश से ठंड के तेवर आक्रामक हो गए थे, लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो गया था। मंगलवार सुबह हल्की धूप निकली। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे-वैसे बादल छाने लगे और दोपहर में बारिश होने लगी। बुधवार को भी इसका असर देखने को मिला। दिनभर बादल छाए रहे। इसके चलते ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी और लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। इससे तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।