मथुरा। दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वालों की भीड़ के बीच रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के जरिये राहत का रास्ता निकाला है। मथुरा जंक्शन पर यात्रियों का दबाव बढ़ने के बावजूद ट्रेनों की उपलब्धता ने भीड़ नहीं होने दी। रेलवे की ट्रेन ऑन डिमांड योजना के तहत चलाई जा रहीं एक दर्जन विशेष ट्रेनें यात्रियों के लिए सहारा बनी हैं। इससे नियमित ट्रेनों पर निर्भरता कम हुई है और अलग-अलग शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा भी मिल रही है।
मंगलवार को मथुरा जंक्शन से कुल 67,532 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया। यात्रियों की इस बड़ी संख्या के मद्देनजर रेलवे ने 15 नवंबर तक विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित किया है। मांग और यात्री दबाव के अनुसार इनका संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा चार ट्रेनों का विस्तार करने से भी यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिले हैं। इटावा, मैनपुरी, झांसी और खजुराहो जैसे स्थानों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से यात्रियों को सहूलियत मिली हैं। भीड़ प्रबंधन की निगरानी के लिए आगरा से आए मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने भी कमान संभाली। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और सुविधाजनक यात्रा के लिए विशेष इंतजाम जारी रहेंगे।