वृंदावन (मथुरा)। सांसद हेमामालिनी ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान मथुरा से अलीगढ़ के लिए सीधे रेल सेवा शुरू करने की सिफारिश की है। इसके लिए उन्होंने हाथरस के माध्यम से रेलवे ट्रेक जोड़ने का भी सुझाव दिया।
बुधवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान मथुरा की सांसद अभिनेत्री हेमामालिनी ने रेलवे के कार्यों की तारीफ की। कहा कि अब स्टेशनों की छवि को लेकर अच्छा लगता है। उन्होंने भी कई डिजाइन रेल मंत्रालयों को दिए थे, जिन पर अमल हुआ तो मथुरा के रेलवे स्टेशनों पर उतरने वाले यात्रियों को सुखद अहसास होता है। इसी के साथ दो और मांगे रखते हुए सांसद ने कहा कि कुछ साल पहले आगरा फोर्ट-काठगोदाम एक्सप्रेस मथुरा के माध्यम से चलती थी। मीटर गेज बंद होने पर इसे बंद कर दिया गया।
यह ट्रेन देवभूमि उत्तराखंड को मथुरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ती थी। इसका संचालन एक बार फिर आरंभ किया जाए। इसके साथ ही अपनी दूसरी मांग उठाते हुए सांसद ने कहा कि मथुरा से अलीगढ़ को सीधे रेल सेवा प्रदान की जाए। इसके लिए हाथरस से दोनों रेल मार्गों को जोड़ने का सुझाव भी उन्होंने दिया जिससे मथुरा-अलीगढ़ के बीच सीधे रेल सेवा शुरू हो सकती है।
संरक्षित हो कुंभ क्षेत्र
सांसद हेमामालिनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र के माध्यम से वृंदावन कुंभ क्षेत्र को संरक्षित करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सरकारी राजस्व रिकार्ड में इस जमीन को कुंभ क्षेत्र के रूप में दर्ज किया जाए। इसका उपयोग धार्मिक आयोजन के लिए हो सके। डीएम को भी चिट्ठी भेजी है।