प्रशासन ने प्रतिबंधित हो चुकी पॉलीथिन को लेकर थोक विक्रेताओं के यहां छापामार कार्रवाई की। चार विक्रेताओं के यहां पॉलीथिन का जखीरा हाथ लगा है।
शुक्रवार को डीएम कैंप कार्यालय पर जनपद के सभी एसडीएम, पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर पालिका के अधिकारियों की बैठक हुई। पॉलीथिन के 16 थोक विक्रेताओं पर छापे के लिए मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में आठ टीम गठित की गईं। दोपहर एक से ढाई बजे तक छापामार कार्रवाई की गई।
होलीगेट स्थित मनोज प्लास्टिक, गुरुकृपा प्लास्टिक आर्यसमाज रोड पर पॉलीथिन कैरीबेग का जखीरा मिला। मनोज पर 35 हजार जबकि गुरुकृपा से 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। मंडी क्षेत्र स्थित परमानंद प्लास्टिक और मंडी चौराहा स्थित दिनेश प्लास्टिक से प्रतिबंधित पालीथिन मिलने पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। अन्य दुकानों पर ज्यादा सामान हाथ नहीं लग सका है।
एडीएम वित्त धीरेन्द्र सचान ने बताया कि इन चार दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। व्यापार कर विभाग में पंजीकरण निरस्त कराने के लिए पत्र भी लिख दिया गया है। प्रशासन की मंशा अप्रैल माह में पॉलीथिन उपयोग को कड़ाई से रोकने की है। इसके लिए दंडात्मक कार्रवाई करने की योजना बनाई गई है।