मतदाताओं को कांग्रेसी रंग में रंगने के लिए एक अक्तूबर को सांसद राहुल गांधी पदयात्रा निकालेंगे। द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन करने के बाद वह पैदल ही होलीगेट तक आएंगे। यहां से वह किसान रथ में सवार होकर डीग गेट तक रोड शो करेंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और अमेठी से सांसद राहुल गांधी इन दिनों प्रदेश यात्रा कर रहे हैं। इसके तहत ही वह एक अक्तूबर को शहर में लोगों के बीच जाएंगे। सुबह 10 बजे राहुल का द्वारिकाधीश मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम है। 10.15 बजे मंदिर से बाहर निकलकर पदयात्रा शुरू करेंगे। यहां से पैदल होलीगेट तक आएंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद किसान रथ पर सवार होकर डीग गेट तक रोड शो करेंगे।
साथ ही दरेसी रोड स्थित इस्लामिया इंटर कालेज पर जनसभा को संबोधित करेंगे। डीग गेट पर रोड शो समाप्त करने के बाद राहुल गांधी यहीं से आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। उप्र कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर, जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया और शहर अध्यक्ष आबिद हुसैन ने सभी कांग्रेसीजनों और समर्थकों से समय पर पहुंचकर राहुल गांधी का स्वागत करने व रोड शो को सफल बनाने को कहा है।
स्वागत की तैयारियों में जुटे कांग्रेसी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के वृंदावन बांकेबिहारी मंदिर में दर्शनों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन नगर के कांग्रेसियों ने पूरी तैयारी कर ली है। नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को दुसायत मोहल्ला स्थित बैजनाथ बागवाला भवन पर हुई । इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा के मथुरा-वृंदावन आगमन पर स्वागत कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई। नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारीक ने बताया कि राहुल गांधी के शनिवार को सुबह 8:30 बजे ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर में वीआईपी गैलरी में पूजा अर्चना के बाद वह आमंत्रित संत समाज से आशीर्वाद भी ग्रहण करेंगे। कार्यकर्ताओं से वीआईपी रोड कालीदह चौराहे पर एकत्र होने की अपील की गई है। इस अवसर पर दीपक बागवाला, सभासद गुंजन चौधरी, पुरुषोत्तम सैनी, अमर सिंह निषाद, विशाल लाल गोस्वामी आदि उपस्थित थे।