मथुरा। बरसाना में राधाष्टमी मेला क्षेत्र का भ्रमण करते एसडीएम व सीओ गोवर्धन।
- फोटो : MATHURA
बरसाना (मथुरा)। योगीराज श्रीकृष्ण की प्रियतमा राधारानी के जन्म राधाष्टमी मेला को लेकर एसडीएम व सीओ गोवर्धन ने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। नगर पंचायत को तीन सितंबर तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने मेला क्षेत्र में प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित करने की बात कही। शुक्रवार को दोपहर नगर पंचायत कार्यालय में एसडीएम राहुल यादव एवं सीओ विनय शंकर मिश्र ने राधाष्टमी महोत्सव को लेकर नगर पंचायत के कर्मचारियों, मंदिर प्रबंध समिति तथा सेवायतों से चर्चा की। उनसे सुझाव मांगे। एसडीएम ने तीन सितंबर तक सभी पार्किंग स्थल, बैरियर, मंदिर एवं कुंडों की बैरीकेडिंग तथा साफ-सफाई दुरुस्त करने के लिए नगर पंचायत व मंदिर प्रबंध समिति को निर्देश दिए। एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि 12 से अधिक पार्किंग स्थल होंगे।
चार सितंबर की शाम को बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। भंडारे भी कस्बे से बाहर लगेंगे। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। मेला क्षेत्र में प्लास्टिक पर बैन रहेगा। अगर कोई उपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीओ विनय मिश्र, ईओ पूजा सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि भगवान सिंह, सह रिसीवर मनमोहन गोस्वामी, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, लेखपाल राकेश दुबे, मंदिर सेवायत बाबू गोस्वामी आदि मौजूद थे।