मथुरा। पीड़िता साधना त्रिपाठी।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन कोतवाली में शुक्रवार को एक माह से तहरीर लेकर कोतवाली के चक्कर लगा रही पीड़िता ने पुलिस को आत्मदाह करने की चेतावनी दी। पीड़िता कोतवाली में फूट-फूट कर रोई और पति की हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जताई। पीड़िता की चेतावनी सुन पुलिस के हाथपांव फूल गए।
गोपालखार चामुंडा कालोनी निवासी साधना त्रिपाठी का पति सुधाकर त्रिपाठी गत 20 जुलाई से लापता है। पत्नी और परिजनों ने उसको काफी तलाश किया लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय होने के बावजूद सुराग नहीं लग सका। पति मिर्जापुर वाली धर्मशाला के निकट पशु चारा की दुकान पर पिछले एक वर्ष से कार्य करता था।
पत्नी ने पति की हत्या कर शव को छिपाने की आशंका जाहिर की है। चारा दुकानदार पर आरोप लगाते हुए घटना की तहरीर लेकर पिछले एक माह से कोतवाली के चक्कर लगा रही है। लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की। एक तरफ पति के न मिलने का गम दूसरी तरफ एक माह से अधिक समय से पुलिस की अनदेखी से परेशान पीड़िता ने शुक्रवार को कोतवाली में आत्मदाह की चेतावनी दी।
पीड़िता के आक्रोश को देख पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस आरोपियों को कोतवाली ले आई और पूछताछ करने लगी। कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे का कहना है पीड़िता की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।