श्रीधाम राधाकुंड में नववर्ष उत्सव पर शहीदों के सम्मान में बद्रीनाथ के संत सानिध्य में आयोजित होने वाले चार दिवसीय विशाल धार्मिक आयोजन का शुभारंभ क्षेत्र की सैकड़ों कन्याओं के पूजन के साथ हुआ। बुधवार को राधारानी कुंड पर 108 टन फल और मिठाइयों का छप्पनभोग राधारानी को समर्पित किया जाएगा।
बद्रीनाथ के संत बाल योगेश्वर दास ने कस्बा स्थित मीरा मनोरंजन धर्मशाला में क्षेत्र की सैकड़ों कन्याओं को भोजन करा कर तिलक किया। बुधवार को आयोजित होने वाले भव्य छप्पन भोग में भाग लेने के लिए देश के अमर शहीदों के परिवारीजनों का राधाकुंड पहुंचना शुरू हो गया है। श्रीधाम राधाकुंड को दुल्हन की तरह सजाया गया है। कुंड में विशाल पुष्प दल अपनी आभा बिखेर रहे हैं।
इन्हीं पुष्प दलों के मध्य कुंड के बीच में राधारानी विराजेंगी। कुंड के घाटों के चारों ओर फल और मिष्ठान के ढेर सजा कर भोग लगाया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दूर दराज से भक्तों का आना शुरू हो गया है। कन्या पूजन के अवसर पर भोला दुबे, कमल सिंह, गिर्राज जोशी, खेलन, सुरेश जोशी, दाऊजी ठेकेदार, विष्णु पहलवान, रामधन शर्मा, पंकज खंडेलवाल, दानी शर्मा आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।