बरसाना (मथुरा)। मंगलवार को श्रीराधारानी मंदिर की सेवा को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके कारण शाम को मंदिर के पट एक घंटे देरी से खुले। हजारों की संख्या में श्रद्धालु द्वार पर इंतजार करते रहे। उनमें आक्रोश पनप गया। बाद में पुलिस ने मंदिर के पट खुलवाए।
सेवायत स्वर्गीय हरबंश गोस्वामी की पत्नी माया देवी की मृत्यु के बाद वारिस बनने को लेकर अदालत में आधा दर्जन मुकदमे चल रहे हैं। इसमें किसी के पक्ष में कोई निर्णय नहीं आया है। 22 दिन पहले सेवायतों की सहमति से पुलिस ने अक्षयराम थोक निवासी रासविहारी गोस्वामी को राधारानी की सेवा पूजा का अधिकार दे दिया। पूजा के क्रमानुसार 7 दिन की सेवा पूजा मंगलवार को देवेश गोस्वामी को सुपुर्द होनी थी।
इसको लेकर अन्य सेवायतों ने विरोध कर दिया। देवेश गोस्वामी अपने हक की सेवा लेने जब मंदिर पहुंच तो मंदिर पर पहले से मौजूद सेवायतों ने पट नहीं खोले। इससे केदेश विदेश से आए हजारों भक्त दर्शन न हो पाने के कारण सेवायतों के खिलाफ आक्रोश जताने लगे। इधर थाने के समस्त पुलिस बल को मंदिर पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात कर दिया। निरीक्षक रवि भूषण व कस्बा इंचार्ज अवधेश पुरोहित मंदिर पहुंचे और सेवायतों से मंदिर खोलने को लेकर वार्ता की। एक घंटे के प्रयास के बाद मंदिर के पट खोले गए।
लाडली जी मंदिर की सेवा पूजा को लेकर सेवायतों ने मंदिर के गेट एक घंटे तक बंद रखे।सेवायतों से साथ वार्ता करने के पश्चात एक घंटे बाद मंदिर के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए।
अरविंद निर्वाल, थाना प्रभारी, बरसाना