मथुरा। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में राधाष्टमी पर ठा. राधाकृष्ण के शृंगार दर्शन।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। राधाष्टमी पर तीर्थनगरी के विभिन्न मंदिरों एवं आश्रमों में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिरों में दधिकांधा की भी धूम रही। ठाकुर राधाबल्लभ मंदिर में समाजी राकेश मुखिया के सानिध्य में समाज गायन किया गया। समाजियों ने प्रगट भई वृषभान के आज, सकल तिमिर त्रिभुवन कौ भाज्यौ भवन भान कें संतत राज..., चलौ वृषभान गोप के द्वार, जनम लियौ मोहन हित स्यामा आनन्द निधि सुकुमार... आदि पदों का गायन किया।
प्रात: 7 बजे मंगला आरती के पश्चात करीब आठ बजे गोस्वामियों ने ठाकुर राधाबल्लभ लाल का अभिषेक किया। शृंगार आरती के पश्चात डोले में विराजमान ठाकुर राधाबल्लभ लाल ने स्वर्ण जड़ित पीली पोशाक धारण कर दर्शन दिए। गोस्वामियों एवं भक्तों ने राधा जन्मोत्सव पर बधाई बांटी और वस्त्र, खिलौने, बर्तन, रुपए लुटाए। दोपहर 1 बजे से गोस्वामियों द्वारा दधिकांधा का आयोजन किया गया।
इसमें केसर दही, दूध लुटाया गया। गोस्वामियों राधारानी के जन्मोत्सव की खुशी में राधा प्यारी ने जनम लियौ है चलो वृषभानु गोप के द्वार आदि मंगल गीत गाए। वहीं, राधा दामोदर मंदिर में गोस्वामियों ने राधारानी का अभिषेक किया। कृष्ण बलराम इस्कॉन मंदिर में भक्तों ने शंखध्वनि के मध्य राधारानी का पंचामृत से महाभिषेक किया।
चैतन्य विहार स्थित नारायण आश्रम में राम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज के सानिध्य में राधारानी का महाभिषेक किया गया। गोविंद घाट स्थित बड़ा रास मंडल में राधारानी कमल के फूल पर विराजमान हुईं। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में राधा जन्मोत्सव पर पंचामृत से अभिषेक किया गया।
इसके पश्चात भगवान को नवीन पोशाक धारण कराकर झूलन सेवा करने के पश्चात छप्पन भोग लगाया गया। नगर के हिताश्रम, छीपी गली स्थित ठा. प्रियाबल्लभ मंदिर, सेवाकुंज क्षेत्र स्थित राधिका प्रिया बल्लभ मंदिर, सेवाकुंज एवं दुसायत स्थित सूरदास आश्रम में भी राधारानी जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।