छाता। कस्बे में भीषण गर्मी के बीच चरमराई बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कटौती से त्रस्त लोगों ने शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ठाकुर फाल्गुन उर्फ कान्हा सिंह के नेतृत्व में गोवर्धन चौराहे से तहसील मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए नवागत उपजिलाधिकारी अखिलेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने आगामी मंगलवार तक बिजली व्यवस्था में सुधार कराने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार रात बिजली आपूर्ति ठप्प होने पर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने स्थानीय बिजलीघर पर करीब चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे एक्सईएन सुरेंद्र पाल ने किसी तरह आपूर्ति बहाल कराकर मामला शांत कराया था। अधिकारियों के जाते ही कुछ देर बाद बिजली फिर गुल हो गई, जिसके कारण शनिवार सुबह पेयजल आपूर्ति भी पूरी तरह बाधित रही।
बिजली संकट को लेकर तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रहे लोगों से वार्ता कर एसडीएम अखिलेश कुमार ने आगामी मंगलवार तक का समय मांगा है। चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा कि यदि मंगलवार तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान अमित कुमार वार्णोय‚ राजवीर सिंह धनगर‚ टीमक सिंह‚ धीरू भार्गव समेत अन्य लोग मौजूद थे।