गोकुल बैराज डूब क्षेत्र के किसानों का धरना 44वें दिन भी दामोदरपुरा में जारी रहा। सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठीं और प्रशासन की असंवेदनशीलता के खिलाफ विरोध जाहिर किया।
निषाद सभा के अलीगढ़ मंडल प्रभारी अशोक निषाद सोमवार को दामोदरपुरा पहुंचे। यहां किसानों के साथ अब तक की स्थिति पर चर्चा की।
इसमें किसानों ने जिला प्रशासन के अड़ियल व्यवहार की जानकारी दी। इस पर आक्रोश जाहिर करते हुए उन्होंने किसान आंदोलन के लिए आसपास के जनपदों में भी जनसंपर्क शुरू करने की बात कही।
राष्ट्रीय जनतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह गहलोत, पूर्व ब्लाक प्रमुख नौहझील रामवीर भी किसानों के धरने पर पहुंचे। यहां किसानों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि शासन प्रशासन को चार गुना मुआवजा और बगैर शर्त 11 लोगों की रिहाई करनी होगी। इसके बगैर आंदोलन खत्म नहीं होगा। धरने का संचालन डम्बर ठाकुर ने किया। अध्यक्षता श्याम लाल मुंशी ने की। सोमवार को क्रमिक अनशन पर हरविजय और राजाराम बैठे।
इस दौरान ओमी बघेल, जग्गो ठाकुर, रामचरन बघेल,भगवान दास, रामजीलाल, मिन्टू बाबा, मानसिंह यादव, पूरन निषाद, गुलाबचंद्र निषाद, अजय निषाद, भगवती, रमन निषाद, आदित्य निषाद, कल्ला सिंह, डाल सिंह, नत्थी जाटव, रामदास जाटव आदि मौजूद रहे।