वृंदावन। धौरेरा क्षेत्र स्थित गिर्राज वाटिका कॉलोनी में जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने नगर निगम के विरोध में प्रदर्शन किया है। उन्होंने नगर निगम पर जन समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय निवासी हरीकिशन ने बताया कि कॉलोनी में दूषित पानी की निकासी के लिए नगर निगम द्वारा कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस कारण मार्ग में जलभराव होने से बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हरिकिशन ने कहा कि वार्ड 25 के पार्षद को कई बार इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अभी तक आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। रमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि समस्या की शिकायत नगर आयुक्त से भी की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का निदान नहीं किया गया तो वे धरना देंगे।