वृंदावन। आठ दिन पूर्व डॉ. दिलीप शर्मा के आवास में हुई चोरी का खुलासा न होने से डॉक्टर और स्टाफ आक्रोशित हो गया। दो घंटे काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हुए वृंदावन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। सोमवार से खुलासा न होने तक पूरे दिन काली पट्टी बांधकर कार्य करने का एलान किया।
सौ शैय्या हॉस्पिटल में तैनात वरिष्ठ मेडिकल अफसर डॉ. दिलीप शर्मा के स्टाफ क्वार्टर की खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने पांच जून की रात लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। इसका खुलासा न होने पर पुलिस के खिलाफ डॉक्टर और स्टाफ में नाराजगी है।
डॉक्टर और स्टाफ ने हॉस्पिटल के गेट पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। स्टाफ हरवेंद्र की 12 जून को अस्पताल परिसर से चोरी हुई बाइक का भी पुलिस पता नहीं लगा सकी है। सीओ सदर रमेश तिवारी ने बताया कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा। संवाद