ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर और विंध्यवासिनी देवी मंदिर को प्रदेश सरकार द्वारा अधिग्रहीत किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में क्रमिक अनशन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा।
बांकेबिहारी मंदिर के प्रवेश द्वार पर आचार्य बद्रीश के नेतृत्व में जारी क्रमिक अनशन में धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष पंडित सौरभ गौड़ ने कहा कि यदि सरकार ने मंदिर अधिग्रहण के प्रति रवैये को नहीं बदला तो यह लड़ाई आर-पार की होगी। उन्होंने कहा कि मथुरा बंद के बाद प्रदेश बंद का आह्वान कर धर्म रक्षा संघ जनता के साथ मिलकर मंदिर अधिग्रहण का पुरजोर विरोध करेगा।
अनंतबिहारी गोस्वामी ने कहा कि हिंदू धर्म विरोधी कार्य सनातन धर्म प्रेमी कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मंदिर अधिग्रहण रोकने के लिए यदि कोई भी बलिदान देना पड़ा तो हिंदू समाज पीछे नहीं हटेगा। देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि यह लड़ाई प्रदेश सरकार और गोस्वामियों की नहीं है बल्कि हिंदू समाज की मान-मर्यादा और स्वाभिमान को बचाने की है।
अनशन में सोमनाथ गोस्वामी, सचिन गोस्वामी, मुकुल गोस्वामी, तरुण गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी, संदीप गोस्वामी, रामनिहोर त्रिपाठी, जगदीश नीलम, स्वामी मोहनानंद, रामलता मिश्र, ललित किशोर, अटल बिहारी, कमल बिहारी, विजयकृष्ण, राजीव गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।
पुरजोर विरोध करेंगे युवा ब्राह्मण
उत्तर प्रदेश युवा ब्राह्मण महासभा की बैठक शनिवार को लोई बाजार स्थित सवामन शालिग्राम मंदिर में आयोजित की गई। इसमें ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर अधिग्रहण पर रोष जताया गया। अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष श्रीकांत बौहरे ने कहा कि प्रदेश सरकार मंदिर की पूर्व व्यवस्था को खंडित करने के साथ वृंदावन के विकास को बाधित करके लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।
गोपाल सारस्वत, आशु पंडित, राधाकांत शर्मा, महेश गौतम ने भी विरोध जताया। दीपक घाटवाला, बंटी गोस्वामी, केशवदेव सारस्वत, मेघश्याम गौतम, राजीव गोस्वामी, पवन गौतम, बलराम पंडा, अनंत आचार्य, गोपेश गोस्वामी, हरि रावत आदि उपस्थित रहे।