मथुरा। गिरधरपुर में बन रहे बिजलीघर उपकेंद्र का शुक्रवार को कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए विरोध किया। सरकारी कार्य में बाधा डालने की बात कह विद्युत निगम के अधिकारियों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया और कार्य शुरू कराया।
एसडीओ पंकज शर्मा टीम के साथ गिरधरपुर में निर्माण कराने के लिए पहुंचे उसी समय स्थानीय लोगों ने वहां पहुंच कार्य न होने देने की बात कही। काफी नोकझाेंक के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को स्थानीय निवासी भरत ने बताया कि विभाग नगर निगम की भूमि पर बिजलीघर का निर्माण करा रहा है।
नगर आयुक्त और जिलाधिकारी से भी इस मामले की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अधिशासी अभियंता अनिल पाल ने बताया क्षेत्र में लोगों को निर्बाध बिजली दी जा सके, इस उद्देश्य से यहां कार्य कराया जा रहा है। विरोध करने वाले लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। संवाद