रील लाइफ में इंस्पेक्टर सलीम (मुकेश ऋषि) को देशप्रेम की सीख देने वाले एसीपी राठौड़ (आमिर खान) रीयल लाइफ में भारत को रहने के लायक नहीं समझते हैं। हाल ही में अपनी पत्नी से बातचीत पर आधारित बॉलीवुड अभिनेता के बयान से यह बात सामने आई है। आमिर के इस बयान से उनके प्रशंसक हैरान हैं और व्यापक तौर पर बयान का विरोध हो रहा है। साथ ही अपनी फिल्म के प्रचार के लिए ओछे हथकंडे अपनाने की बात भी दर्शक कह रहे हैं।
फिल्म सरफरोश (1999) में एक देशभक्त पुलिस अफसर का किरदार निभाने वाले बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान के बयान ने देश में फिर से असहिष्णुता पर बहस शुरू करा दी है। हाल ही में आमिर ने कहा कि ‘बीते कुछ दिनों में देश में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। मेरी पत्नी कहती है अब ये देश रहने लायक नहीं रहा है।’
मीडिया में इसकी चर्चा होते ही देश भर में विरोध शुरू हो गया। आमिर को मिस्टर परफेक्शनिस्ट बताकर हमेशा सर-आखाें पर बिठाने वाले उनके युवा प्रशंसकों ने ही इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। युवाओं ने तल्ख लहजे में कहा कि आमिर अपनी फिल्म के प्रचार के लिए ओछे हथकंडे अपना रहे हैं। खुद उन्हीं का बयान असहिष्णुता की अभिव्यक्ति करता है। ये बयान उस भारत देश के खिलाफ है, जिस देश के निवासियों ने उन्हें स्टार बनाया।