मथुरा। हादसे का शिकार हुई बस में 60 से 65 सवारियां बैठी थीं। कोई काम पर जा रहा था तो कोई की काम की तलाश में दिल्ली जा रहा था। आधे रास्ते से चार का शव उनके घर पहुंचा। इधर, मृतक खुर्शीद के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चालक उपदेश के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अमेठी के थाना जायस मोहल्ला छोटा गोरियाना निवासी दीनानाथ ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले हरिओम तहेरे भाई थे। वह दिल्ली में किसी ट्रैवल्स एजेंसी की गाड़ी चलाते थे। उनकी की एक बेटी है। सोमवार रात को वह लखनऊ से बस में सवार हुए थे। फोन करके परिजन को बताया था कि दिल्ली पहुंचने के बाद फोन करूंगा लेकिन सुबह मथुरा पुलिस का फोन पहुंचा कि उनकी हादसे में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दीनानाथ मंगलवार को उनका शव लेकर अमेठी चले गए।
वहीं उन्नाव के थाना बांगरमऊ के गंज मुरादाबाद निवासी अरशद अंसारी ने बताया कि खुर्शीद उनके भाई थे और मुबारक पड़ोसी था। दोनों दिल्ली की किसी सिलाई की कंपनी में काम करते थे। वह कुछ दिन पहले घर घूमने के लिए आए थे। सोमवार रात को दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों हादसे का शिकार हो गए। मंगलवार सुबह पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दी। इसके बाद वह मथुरा आए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर वह उन्नाव रवाना हो गए।