कोसीकलां। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन कट के पास तेज रफ्तार निजी बस ने आगे चल रही यूपी रोडवेज ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसें अनियंत्रित होकर राजमार्ग किनारे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना में 13 लोग गंभीर घायल हो गए जबकि कुछ यात्री चुटैल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए।
बृहस्पतिवार की शाम को करीब 4 बजे ताज डिपो की बस दिल्ली की ओर जा रही थी, जैसे ही बस कोटवन कट के समीप पहुंची तो पीछे से आती निजी बस के चालक ने ताज डिपो की बस में पीछे से टक्कर मार दी। रोडवेज बस में करीब 25 से अधिक लोग सवार थे। जबकि निजी बस गुरूग्राम जा रही थी। टक्कर के बाद दोनों बस सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं। प्रत्यक्षदर्शी उमेश ने बताया कि हरियाणा की निजी बस का चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था।
हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। साथ ही पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अखिलेश कुमार, सीओ भूषण वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह, कोटवन चौकी प्रभारी उत्तम सिंह चौहान, राजमार्ग बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
ये हुए घायल
प्रमोद कुमार (52) दिल्ली, अनुईया (40), सतीश (40) सुहावा, अरूण (18) बल्देव, टिकुंल (3), रूवी (30), सोहिल (28) आगरा, लक्ष्मी (40), प्रीति (11) पहाड़ी, इमरत (50), सुभाष (50) नूंह, श्यामा (40) नागल जाट, शिवरानी (45) को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जबकि 8 अन्य यात्री मामूली रूप से घायल हुए, जो प्राथमिक उपचार के बाद गतंव्य की ओर रवाना हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों बसों के चालक और परिचालक मौके से भाग गए।